79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सोलन के ठोडो मैदान में ज़िला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने की। इस मौके पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
डॉ. शांडिल ने बताया कि समाज सेवा, शिक्षा, खेल, महिला एवं बाल सुरक्षा, कानून व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों में विशेष योगदान देने वाले लोग समाज के लिए प्रेरणा हैं।
यह भी पढ़ें : कण्डा में स्वतंत्रता दिवस समारोह, स्वास्थ्य मंत्री ने दी 5 लाख की सौगात
सम्मानित किए गए प्रमुख व्यक्तित्व:
नरिन्द्र सिंह (अध्यक्ष, छोटे साहिबज़ादे वेल्फेयर सोसायटी, रेडू) – रक्तदान शिविर, गरीब बेटियों की मदद और लंगर सेवा के लिए।
हर्लिन कौर (अध्यक्ष, एक्ट ह्यूमेन फाउंडेशन) – दिव्यांगजन सशक्तिकरण, साइबर सुरक्षा जागरूकता और स्कूल भवनों की मरम्मत के लिए।
आशा कुमारी (आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पनूह) – पोषण वाटिका और कुपोषण मुक्त क्षेत्र बनाने के लिए।
रमनीक अटल (छात्रा, सपरून) – बी.ए. परीक्षा में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करने के लिए।
प्रतीक शर्मा (ग्राम राजस्व अधिकारी) – राजस्व और राहत कार्यों में योगदान के लिए।
संजीव कुमार (कबड्डी कोच, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग) – खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए।
देवेन्द्र शर्मा (बी.डी.सी. सदस्य) – ग्राम पंचायत शडियाना को स्वच्छ बनाने के लिए।
इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी जैसे कविता (महिला थाना प्रभारी सोलन), मोती सिंह (थाना प्रभारी कुनिहार), राजिन्द्र सिंह (थाना प्रभारी अर्की), दलीप सिंह (थाना प्रभारी धर्मपुर) सहित अन्य को भी उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह में विधायक संजय अवस्थी, विधायक विनोद सुल्तानपुरी, नगर निगम महापौर ऊषा शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
