उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा की अध्यक्षता में जिला क्षय रोग निवारण समिति व जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में वर्षा ऋतु में फैलने वाले रोगों जैसे टीबी, डेंगू, डायरिया व स्क्रब टाइफस से बचाव हेतु विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि जिला को क्षय रोग मुक्त बनाने के लिए विभागों के बीच समन्वय और जन सहयोग आवश्यक है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि संभावित टीबी रोगियों की स्क्रीनिंग समयबद्ध की जाए और जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं।
प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत “निक्षय मित्रों” की भूमिका पर भी चर्चा की गई। निजी चिकित्सकों द्वारा समय पर रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने और निक्षय पोर्टल जैसे डिजिटल टूल्स के उपयोग पर जोर दिया गया।
यह भी पढ़ें : वरिष्ठ नागरिकों का अनुभव समाज की अमूल्य पूंजी: डॉ. शांडिल
डेंगू नियंत्रण के लिए उपायुक्त ने प्रभावित क्षेत्रों में फोगिंग और सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने जनता से अपील की कि वे घर और आस-पास पानी न जमा होने दें और प्रशासन का सहयोग करें।
स्क्रब टाइफस के बढ़ते खतरे को देखते हुए उन्होंने सलाह दी कि घास काटते समय सुरक्षात्मक गियर या कीट विकर्षक का उपयोग करें। इसके साथ ही डायरिया की रोकथाम के लिए साफ पेयजल की आपूर्ति और जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में 21 अगस्त, 2025 को राष्ट्रीय कृमि मुक्त दिवस आयोजित करने की तैयारियों पर भी चर्चा हुई।
बैठक में एसडीएम कण्डाघाट गोपाल शर्मा, जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित रंजन तलवार, वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश पंवर, खंड चिकित्सा अधिकारी व अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
