राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सनावर के लिए यह गर्व और खुशी का क्षण है। विद्यालय की कक्षा 8वीं की मेधावी छात्रा तनवी ने राज्य स्तर पर आयोजित राष्ट्रीय साधन सह-योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना (NMMS) परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
इस सफलता के साथ अब तनवी को कक्षा 12 तक प्रतिमाह ₹1000 की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। उल्लेखनीय है कि यह परीक्षा राज्य स्तर पर आयोजित होती है, जिसमें हजारों छात्र-छात्राएं भाग लेते हैं, लेकिन केवल मेधावी और मेहनती विद्यार्थियों का ही चयन हो पाता है।
तनवी ने अपनी लगन, मेहनत और निरंतर अध्ययन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। उसकी इस सफलता से विद्यालय, अभिभावकों और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज बक्शी और शिक्षकों ने तनवी को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थी और शिक्षक दृढ़ संकल्प और पूरी इच्छा शक्ति के साथ प्रयास करें तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।
तनवी की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, विद्यालय प्रबंधन समिति और स्थानीय लोगों ने भी हर्ष व्यक्त किया है और आशा जताई है कि वह भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करती रहेगी।
