सोलन के कुमारहट्टी में रविवार को तृतीय राजा वीरभद्र सिंह मेमोरियल ओपन ऑल इंडिया बैडमिंटन प्रतियोगिता वरिष्ठ वर्ग का शुभारंभ हुआ। इस मौके पर लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि खेल न केवल युवाओं की प्रतिभा को निखारते हैं बल्कि उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का सशक्त माध्यम भी हैं।
चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से आए 537 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इसमें वरिष्ठ व कनिष्ठ दोनों वर्गों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि खेल, योग और व्यायाम जीवन को सकारात्मक दिशा देने के लिए बेहद जरूरी हैं। खेलों से युवाओं को जहां स्वस्थ शरीर मिलता है, वहीं अनुशासन और आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूरी बनाए रखें और अधिक से अधिक खेलकूद गतिविधियों में भाग लें। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में तनाव को कम करने के लिए खेल और योग कारगर उपाय हैं।
मंत्री ने बताया कि प्रदेश में हाल ही में हुई भारी वर्षा के कारण लोक निर्माण विभाग को लगभग 4500 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। क्षतिग्रस्त अधोसंरचना को चरणबद्ध तरीके से दुरुस्त किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि बारिश से प्रभावित पर्यटन अब धीरे-धीरे पटरी पर लौट रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की है। ओलंपिक खेलों की व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर अब 5 करोड़ रुपए, रजत पदक पर 3 करोड़ रुपए और कांस्य पदक पर 2 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। एशियन खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि भी बढ़ाई गई है।
खिलाड़ियों की सुविधा के लिए सरकार ने डाइट मनी में भी बढ़ोतरी की है। प्रारंभिक शिक्षा स्तर के खिलाड़ियों को प्रदेश स्तरीय खेलों में भाग लेने पर 250 रुपए प्रतिदिन, अन्य खिलाड़ियों को 400 रुपए प्रतिदिन और प्रदेश से बाहर खेलों में भाग लेने पर 500 रुपए प्रतिदिन दिए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बाबा, जिला परिषद सदस्य राजेंद्र ठाकुर, नगर निगम सोलन के पार्षद राजीव कौड़ा, कांग्रेस नेता रमेश ठाकुर, कुमारहट्टी वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष रमेश चौहान और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
