स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सोलन द्वारा राजकीय महाविद्यालय सोलन में आज से विश्व बहरापन रोकथाम जागरूकता सप्ताह (30 अगस्त से 04 सितम्बर 2025) का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने की।डॉ. पाठक ने कहा कि बढ़ती उम्र, अधिक शोर, कानों की चोट, संक्रमण, मेनिनजाइटिस, तेज बुखार या कुछ दवाओं के दुष्प्रभाव से सुनने की क्षमता कम हो सकती है। उन्होंने चेताया कि मोबाइल और इयरफोन का अधिक प्रयोग, टीवी-रेडियो की तेज आवाज सुनना तथा लंबे समय तक शोरगुल वाले क्षेत्रों में रहना भी बहरापन बढ़ाने के कारण हैं।
उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि हेडफोन की आवाज 60 डेसिबल से कम रखें, मोबाइल का अत्यधिक प्रयोग न करें और कानों की नियमित जांच कराएं। डॉ. पाठक ने कहा कि तेज आवाजों से बचना, संक्रमण से बचाव, चिकित्सक की सलाह से ही दवा लेना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाना सुनने की क्षमता को बेहतर बनाता है।
इस अवसर पर राजकीय महाविद्यालय की प्रधानाचार्य मनीषा कोहली, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रियंका, बी.सी.सी. समन्वयक राधा चौहान, विभागीय कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
