हिमाचल प्रदेश में परिवहन सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री आगामी 02 जुलाई 2025 को सोलन जिले के कंडाघाट उपमंडल के क्यारीघाट स्थित पर्यटन विकास निगम के होटल मेघदूत में प्रदेशवासियों को एक महत्वपूर्ण सौगात देने आ रहे हैं।

इस दिन वे मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ मिलकर हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) की 24 नई वोल्वो बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह आयोजन शाम 4:30 बजे निर्धारित है और इसके माध्यम से प्रदेश में यातायात व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने का प्रयास किया गया है।

इन वोल्वो बसों के आने से जहां एक ओर पर्यटकों को आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा, वहीं प्रदेश के आम नागरिकों को भी तेज, सुरक्षित व आरामदेह यात्रा का लाभ मिलेगा। ये बसें न केवल अंतरजिला रूट्स पर बल्कि बाहरी राज्यों के लिए भी चलाई जाएंगी, जिससे हिमाचल का कनेक्टिविटी नेटवर्क और अधिक सुदृढ़ होगा।

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पहले भी परिवहन क्षेत्र में कई नवाचार व सुधार किए हैं और यह नई सौगात उनकी प्राथमिकता को दर्शाती है कि आम जनता को सर्वोत्तम सुविधा मिले। वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू के नेतृत्व में राज्य में बुनियादी ढांचे को मज़बूत करने के लिए लगातार कार्य हो रहा है।

इस मौके पर कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी व आम जनता भी मौजूद रहेगी। इस कार्यक्रम से न केवल सोलन बल्कि पूरे हिमाचल को लाभ मिलेगा। पर्यटन के क्षेत्र में भी इसका सीधा असर देखने को मिलेगा क्योंकि वोल्वो बसों की सुविधा से पर्यटकों को ट्रैवल में सुविधा मिलेगी।

error: Content is protected !!