वैध शंकर लाल मेमोरियल कॉलेज चंडी में सौहार्द मिलन फ्रेशर पार्टी, रंगारंग कार्यक्रमों ने बांधा समां

एच डी शर्मा , चंडी:
वैध शंकर लाल मेमोरियल अध्यापक शिक्षण महाविद्यालय, चंडी में सत्र 2025-27 के बीएड एवं डीएलएड कनिष्ठ प्रशिक्षुओं के प्रथम कॉलेज आगमन के उपलक्ष्य में भव्य “सौहार्द मिलन” थीम आधारित फ्रेशर पार्टी का आयोजन बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम से कॉलेज सभागार में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज प्रबंधन समिति एवं वरिष्ठ बीएड-डीएलएड प्रशिक्षुओं द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

इस अवसर पर कॉलेज प्रबंध समिति के सचिव चंद्र मोहन शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात बीएड एवं डीएलएड प्रशिक्षुओं ने संयुक्त रूप से सरस्वती वंदना एवं वैदिक मंत्रोच्चारण कर सभागार के वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं ने एक से बढ़कर एक मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। पंजाबी भांगड़ा, हिंदी फिल्मी गीतों पर नृत्य, पहाड़ी गिद्दा, हिमाचली नाटी एवं एकल नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजायमान कर दिया।

फ्रेशर पार्टी का मुख्य आकर्षण रैंप पर की गई मॉडलिंग प्रस्तुति रही, जिसने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने अपने करकमलों द्वारा डीएलएड के दीक्षांत को मिस्टर फ्रेशर तथा भावना को मिस फ्रेशर के खिताब से सम्मानित किया। वहीं मॉडलिंग प्रतियोगिता में उपविजेता रहे बीएड के अभिषेक एवं मोनिका को भी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि चंद्र मोहन शर्मा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने, सकारात्मक सोच अपनाने तथा समाज में व्याप्त बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया। कॉलेज के प्रधानाचार्य राजमणि शर्मा ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए अपने विचार साझा किए।

इस अवसर पर कॉलेज के समस्त स्टाफ सदस्य, बीएड एवं डीएलएड के सभी प्रशिक्षु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाया।

error: Content is protected !!