वी.एस.एल.एम. अध्यापक शिक्षण महाविद्यालय चंडी, जिला सोलन में आज एक प्रभावी एवं ज्ञानवर्धक शैक्षणिक-जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन पट्टा स्थित गैर सरकारी संस्था रुचि द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में संस्था रुचि से आए मार्गदर्शक अर्जुन ने अपनी टीम के साथ सक्रिय सहभागिता निभाई। उनके साथ आए सभी विद्यार्थी धीरूभाई अंबानी विश्वविद्यालय, गांधीनगर (गुजरात) के बी.टेक. छात्र हैं, जो एक माह की इंटर्नशिप के अंतर्गत संस्था रुचि पट्टा में शैक्षणिक प्रशिक्षण एवं व्यावहारिक अनुभव प्राप्त कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान अर्जुन एवं उनकी टीम ने आधुनिक शिक्षण नवाचारों और नशा मुक्ति (ड्रग एडिक्शन) जैसे महत्वपूर्ण एवं समसामयिक विषयों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने नवीन शिक्षण तकनीकों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आधुनिक पद्धतियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होती हैं।
साथ ही, नशा मुक्ति पर जागरूकता फैलाते हुए विद्यार्थियों एवं युवाओं से नशे से दूर रहने तथा समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में मौजूद प्रशिक्षु अध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने विषयवस्तु को गंभीरता से सुना और जागरूकता संदेश को आत्मसात किया।
