एच डी शर्मा , चंडी : वी एस एल एम संस्कार भारती पब्लिक स्कूल चंडी के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन विद्यालय परिसर में धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभागार में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक चौधरी रामकुमार ने शिरकत की। वहीं कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में कॉलेज के संस्थापक अध्यक्ष सुरेश चंद्र शर्मा, ग्राम पंचायत चंडी के प्रधान बलवंत ठाकुर, ग्राम पंचायत दाड़वा के प्रधान रमेश ठाकुर, किशनगढ़ उपतहसील के नायब तहसीलदार सूरत सिंह, प्रधानाचार्य दर्शन शर्मा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ववासी के प्रधानाचार्य मुकेश कुमार, सतीश कुमार प्रधान ग्राम पंचायत बदलग, हेमा कुमारी प्रधान ग्राम पंचायत बुगार, हेमचंद थलीयारी, राम रतन एवं कमलेश शर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत विद्यालय प्रबंधन समिति एवं प्रधानाचार्य द्वारा मुख्य अतिथि को शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने भांगड़ा, हिमाचली नाटी, गिद्दा, एकल नृत्य, सामूहिक नृत्य एवं शिक्षाप्रद एकांकियों की शानदार प्रस्तुतियां देकर सभागार में उपस्थित सभी दर्शकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा विद्यालय की वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत की गई, जिसमें उन्होंने वर्ष भर की शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी साझा की।
मुख्य अतिथि चौधरी रामकुमार ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास से ही जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में कॉलेज प्रबंधन समिति के सचिव चंद्र मोहन शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि द्वारा वर्ष भर की शैक्षिक एवं गैर-शैक्षिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वी एस एल एम संस्कार भारती पब्लिक स्कूल एवं शिक्षण महाविद्यालय चंडी के समस्त स्टाफ सदस्य, अभिभावक तथा विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
