हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने ज़िला सुंदरनगर में आयोजित भारतीय जनता युवा मोर्चा, हिमाचल प्रदेश की प्रदेश कार्य समिति की बैठक में भाग लिया। उन्होंने नवगठित कार्यकारिणी के कार्यकलापों का औपचारिक परिचय लिया और भावी चुनाव से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की।
इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने वन बूथ टेन यूथ अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि यह अभियान संगठन को ज़मीनी स्तर पर मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा, “बूथ पर काम कर रहा कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे मज़बूत कड़ी होता है। चुनाव में प्रचण्ड जनादेश की नींव ‘अपना बूथ सबसे मज़बूत’ के लक्ष्य से ही हासिल होती है।”
उन्होंने युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि सुक्खू सरकार की नाकामियों के खिलाफ आवाज़ मुखर करना हो या पूर्व सरकार की उपलब्धियों तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं का प्रचार-प्रसार, सभी कार्यों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है।
जयराम ठाकुर ने बैठक में उपस्थित युवा कार्यकर्ताओं के परिश्रम, अनुशासन और समर्पण की प्रशंसा की और कहा कि राष्ट्र निर्माण, समाज सेवा और संगठन विस्तार में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता विचारधारा के वाहक बनकर गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त कर रहे हैं।
उन्होंने नवगठित कार्यकारिणी को बधाई और शुभकामनाएँ दी और आश्वस्त किया कि युवा मोर्चा आने वाले समय में नई ऊर्जा, प्रतिबद्धता और उत्साह के साथ संगठन के कार्यों को और गति देगा तथा भारतीय जनता पार्टी को और अधिक मज़बूत बनाएगा।
इस अवसर पर उनके साथ विधायक नाचन विनोद कुमार, भाजपा महामंत्री पायल वैद्य, संजीव कटवाल, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सन्नी शुक्ला, प्रदेश युवा मोर्चा महामंत्री सुशील कटसोली, शाश्वत कपूर, प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा, अजय ठाकुर और युवा मोर्चा के तमाम पदाधिकारी उपस्थित रहे।
