हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में वीएसएलएम संस्कार भारती पब्लिक स्कूल, चंडी ने अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता का एक और उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस वर्ष स्कूल का परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जो कि न केवल स्कूल के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। स्कूल की छात्रा रिद्धिमा ने 97 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं अनमोल ने 95.57 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान और शिवानी ने 93 प्रतिशत अंक पाकर तृतीय स्थान अर्जित किया।

सबसे उल्लेखनीय उपलब्धि रिद्धिमा की रही, जिसने न केवल कुल 97% अंक हासिल किए बल्कि गणित एवं संस्कृत विषयों में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी मेहनत और लगन का परिचय दिया। कठिन माने जाने वाले गणित विषय में पूरे अंक लाना छात्रों के लिए एक प्रेरणा का स्त्रोत है। रिद्धिमा की इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि कठिन परिश्रम और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

अन्य छात्र अनमोल और शिवानी ने भी स्कूल का नाम रोशन किया। अनमोल ने 95.57% अंक अर्जित कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उसकी लगन और अनुशासन की चर्चा स्कूल स्टाफ के बीच भी की जा रही है। शिवानी ने 93% अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त कर यह साबित कर दिया कि निरंतर मेहनत से सफलता सुनिश्चित की जा सकती है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल बोर्ड 10वीं का रिजल्ट घोषित, बेटियों ने मारी बाजी

विद्यालय के इस शानदार परीक्षा परिणाम पर खुशी जाहिर करते हुए संस्थापक अध्यक्ष सुरेश चंद्र शर्मा, प्रबंधन समिति के सचिव चंद्र मोहन शर्मा और प्रधानाचार्य ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कठिन मेहनत, शिक्षकों की समर्पित शिक्षण शैली और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।

संस्कार भारती स्कूल चंडी का मुख्य उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर बल देना है। यहाँ न केवल शैक्षणिक विषयों पर ध्यान दिया जाता है बल्कि संस्कार, नैतिक शिक्षा और व्यावहारिक ज्ञान को भी बराबर महत्व दिया जाता है। यही कारण है कि यहाँ के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ अच्छे नागरिक भी बनते हैं।

विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि में अभिभावकों की भूमिका को भी विशेष रूप से सराहा। उन्होंने कहा कि अभिभावकों का बच्चों को सकारात्मक माहौल देना और उन्हें पढ़ाई के प्रति प्रेरित करना इस सफलता का अहम हिस्सा है।

error: Content is protected !!