हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के छोटे से गांव जगजीत नगर के अंतर्राष्ट्रीय पहलवान मनदीप ने विश्व ग्रेप्पलिंग कप 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 62 किलोग्राम भार वर्ग के नो-गी इवेंट में कांस्य पदक अपने नाम किया है। इस उपलब्धि से न केवल उन्होंने भारत का नाम रोशन किया, बल्कि हिमाचल प्रदेश को भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गौरवांवित किया।
इस उपलब्धि की जानकारी हिमाचल प्रदेश एमेच्योर ग्रेप्पलिंग संघ के अध्यक्ष संजय कुमार ने मंडी जिला मुख्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने बताया कि यह सफलता भारतीय ग्रेप्पलिंग संघ के अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश नरवाल (आई.पी.एस.), महासचिव सुबोध कुमार यादव, और ग्रेप्पलिंग खेल के भारत में संस्थापक श्री शिव कुमार पांचाल जी के मार्गदर्शन के कारण संभव हो पाई है। सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों ने मनदीप को फोन पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
ग्रेप्पलिंग कोच व एशियाई पदक विजेता जितेंद्र चौहान ने इस पर खुशी जताते हुए कहा, “हमारे खिलाड़ियों ने विश्व प्रतियोगिता में सराहनीय प्रदर्शन किया है। मनदीप जैसे खिलाड़ी जब विश्व मंच पर पदक लाते हैं, तो एक कोच के लिए यह सबसे गर्व की बात होती है।”
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रतियोगिता में अब अगली फाइट गी ग्रेप्पलिंग इवेंट की है, जिसमें भी भारतीय दल अच्छा प्रदर्शन करने को तैयार है। हिमाचल के कई और खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं और देश को पदक दिलाने की पूरी तैयारी में हैं।
इस मौके पर पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोग, परिवारजन और खेलप्रेमी मनदीप की सफलता से गौरवान्वित हैं। सोशल मीडिया पर भी उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
यह जीत न केवल एक व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि यह देश के युवाओं के लिए प्रेरणा है कि मेहनत, समर्पण और सही मार्गदर्शन के साथ कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।