जिला सोलन के अंतर्गत ग्राम पंचायत दाड़वा में स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय बनलगी में आज एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। समाजसेवी सुदर्शन शर्मा ने स्कूल की आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले सभी विद्यार्थियों को ज्योमेट्री बॉक्स प्रदान कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस खास मौके पर ग्राम पंचायत दाड़वा के प्रधान रमेश कुमार, विद्यालय के मुख्याध्यापक नरेंद्र तंवर, डॉ. समीर और समाजसेवी राजेश राणा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने समाजसेवी सुदर्शन शर्मा के इस प्रयास की सराहना की।
सुदर्शन शर्मा ने कहा कि आज की शिक्षा प्रतिस्पर्धा से भरी हुई है, और ऐसे में बच्चों का उत्साहवर्धन करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आगे बताया,
“हर बच्चा अगर संसाधनों से युक्त हो और उसमें आत्मविश्वास हो, तो वह किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ सकता है। मेरा उद्देश्य केवल ज्योमेट्री बॉक्स देना नहीं है, बल्कि बच्चों में प्रतियोगिता की भावना पैदा करना और उन्हें यह विश्वास दिलाना है कि समाज उनके साथ है।”
विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेंद्र तंवर ने भी समाज सेवी सुदर्शन शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सहयोग से स्कूल के बच्चे पढ़ाई में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होते हैं।पंचायत प्रधान रमेश कुमार ने भी अपने संबोधन में कहा कि समाज में इस तरह के सकारात्मक कार्य करने वालों की सराहना और भागीदारी से ही शिक्षा व्यवस्था सशक्त बन सकती है।
इस आयोजन ने बच्चों के चेहरों पर मुस्कान ला दी। बच्चों ने भी अपने विचार साझा किए और कहा कि इस प्रकार के उपहार उन्हें आगे मेहनत करने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस पूरे आयोजन से यह संदेश स्पष्ट हुआ कि समाज का सहयोग बच्चों की शिक्षा में एक मजबूत आधार बन सकता है। यदि समाजसेवी, पंचायतें और स्कूल मिलकर बच्चों के लिए प्रयास करें, तो शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हो सकता है।
