
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के उपमंडल चुराह में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसा इतना खतरनाक था कि एक 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 18 साल की एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। यह दर्दनाक हादसा लोगों के दिलों को झकझोर देने वाला है।
मृतक युवक की पहचान चैन लाल पुत्र चमारू निवासी धनलाई डाकघर नकरोड़ तहसील चुराह के रूप में हुई है। वहीं घायल युवती रीनू पुत्री चेत सिंह निवासी भराड़ा डाकघर टिकरीगढ़ बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार (HP 44-5030) चांजू से लिंक रोड बड़दोल की ओर जा रही थी। कार को युवती चला रही थी और उसमें दोनों युवक-युवती सवार थे। जैसे ही कार बड़दोल के नजदीक पहुंची, युवती ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार सीधी खाई में जा गिरी।
कार के गिरते ही आस-पास के लोगों ने शोर मचाया और तुरंत बचाव कार्य में जुट गए। दोनों को खाई से निकाल कर प्राथमिक उपचार के लिए तीसा अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन वहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए। इसके बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और उपरांत परिजनों को सौंप दिया गया।
कार्यकारी एसडीएम चुराह आशीष ठाकुर ने बताया कि मृतक युवक के परिजनों को 25,000 रुपये की फौरी राहत राशि प्रशासन द्वारा दी गई है।वहीं एसपी चंबा अभिषेक यादव ने पुष्टि की कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को रवाना कर दिया गया था और कारणों की गहन जांच की जा रही है।
