उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने जानकारी दी है कि मानसून के दौरान जान-माल की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं और आपात स्थिति से निपटने के लिए योजनाबद्ध तैयारी की गई है।

प्रशासन ने सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि बारिश के समय में विशेष सावधानी बरतें। विशेषकर उन क्षेत्रों में जो नदी-नालों और खड्डों के किनारे बसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारी बारिश की स्थिति में जल स्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे खतरा उत्पन्न हो सकता है। ऐसे में लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों की ओर जाने की सलाह दी गई है।

सभी उपमण्डलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्र में स्थित नदी-नालों के किनारे की बस्तियों की पहचान करें, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया जा सके।

उपायुक्त शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, जल शक्ति, लोक निर्माण, विद्युत विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग समेत सभी ज़रूरी विभागों को मानसून से पहले पूरी तैयारी रखने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही नगर निगमों, नगर परिषदों, नगर पंचायतों और ग्राम पंचायतों को भी साफ-सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

उन्होने जनता से अपील की कि कोई भी आपात स्थिति हो तो तुरंत जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सोलन से संपर्क करें। निम्नलिखित हेल्पलाइन नम्बरों पर सहायता प्राप्त की जा सकती है:
📞 01792-220049, 220882, 220048, 221200
📞 टोल फ्री नंबर: 1077

मानसून एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, लेकिन इससे होने वाले खतरों को समझदारी से कम किया जा सकता है। प्रशासन और जनता मिलकर ही आपदा की किसी भी परिस्थिति का सामना कर सकते हैं।

error: Content is protected !!