30 जून 2025 को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटी में एक विशेष विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें अर्थशास्त्र प्रवक्ता गोपाल शर्मा को उनके सेवानिवृत्ति के अवसर पर सम्मानित किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्य उपासना सूद ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री शर्मा ने हिमाचल प्रदेश के शिक्षा विभाग में 24 वर्षों तक अपनी सेवा दी, जिसमें उन्होंने अपने समर्पण, ईमानदारी और निष्ठा से शिक्षा जगत में प्रेरणादायक योगदान दिया।
उन्होंने बताया कि गोपाल शर्मा ने सरकारी सेवा से पहले 10 वर्ष प्राइवेट सेक्टर में भी कार्य किया। उनके कार्यकाल में विद्यालय का शैक्षणिक माहौल, विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास और बोर्ड परीक्षा के परिणामों में निरंतर सुधार देखने को मिला।
गोपाल शर्मा एक आदर्श शिक्षक, समाजसेवी और प्रेरणास्रोत के रूप में जाने जाते हैं। उन्हें एनसीसी (NCC) के क्षेत्र में विशिष्ट उपलब्धियों के लिए डीजी एनसीसी दिल्ली और हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. राजा वीरभद्र सिंह द्वारा प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जा चुका है। उनके मार्गदर्शन में अनेक विद्यार्थियों ने राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर सफलता अर्जित की।
इस विशेष विदाई समारोह में गोपाल शर्मा को उनके परिवार के साथ विद्यालय परिसर में फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। प्रधानाचार्य उपासना सूद, एसएमसी अध्यक्षा राधा देवी और समस्त शिक्षक वर्ग ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिससे माहौल भावुक और प्रेरणादायक बन गया।
कार्यक्रम के पश्चात, जब गोपाल शर्मा बीएल स्कूल कुनिहार पहुंचे, तो वहाँ के विद्यालय स्टाफ ने भी उनका बैंड पार्टी के साथ भव्य स्वागत किया। बीएल स्कूल के प्रधानाचार्य एवं समस्त स्टाफ ने उन्हें और उनकी धर्मपत्नी सुषमा शर्मा को भेंट प्रदान की और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
