कसौली विधानसभा क्षेत्र में विधायक विनोद सुल्तानपुरी द्वारा जनसेवा और विकास के क्षेत्र में निरंतर प्रयास जारी हैं। हाल ही में उन्होंने विकास खण्ड सोलन की ग्राम पंचायत भारती में विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखी और ग्रामीण जनों को संबोधित किया।
उन्होंने रहोग गांव में गवाली से मोक्षधाम तक संपर्क मार्ग तथा भारती बस अड्डे से गम्बर तक एम्बुलेंस मार्ग का शिलान्यास किया। इससे क्षेत्र के नागरिकों को यातायात और स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ी राहत मिलेगी।
विधायक ने महिला मण्डलों के कार्यों का निरीक्षण कर उन्हें बेहतर संचालन के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए। इसके साथ ही उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक पाठशाला भारती का औचक निरीक्षण किया और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हेतु अधिकारियों को निर्देश दिए।
विनोद सुल्तानपुरी ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य हर नागरिक को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाएं जैसे –
मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना
इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना
मुख्यमंत्री कृषि संवर्धन योजना
मुख्यमंत्री पर्यटन स्टार्टअप योजना
राजीव गांधी स्वरोजगार योजना
इन योजनाओं से प्रदेश के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है।
इस मौके पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देते हुए ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया और सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह अभियान न केवल पर्यावरण की रक्षा करेगा बल्कि माँ के प्रति सम्मान का प्रतीक भी बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने आम जनता की समस्याएं भी सुनी और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, यूको आरसेटी द्वारा वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें स्वयं सहायता समूहों, महिला मंडलों और स्थानीय निवासियों ने भाग लिया। इस शिविर का उद्देश्य लोगों को बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं की जानकारी देना था।
इस अवसर पर कृषि उपज मंडी समिति सोलन के अध्यक्ष रोशन ठाकुर, ग्राम पंचायत भारती की प्रधान मीना राम ठाकुर, उप प्रधान अफ़ज़ल बेग, खंड विकास अधिकारी रमेश कुमार शर्मा, यूको बैंक की निदेशक मीनू बारिया, और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
