नालसा वीर परिवार सहायता योजना, 2025 के अंतर्गत विधिक सेवा क्लिनिक का शुभारम्भ आज ज़िला सैनिक कल्याण बोर्ड सोलन में किया गया। इस क्लिनिक का उद्देश्य भूतपूर्व सैनिकों, सेवारत सैनिकों एवं वीरगति को प्राप्त हुए सैनिकों के परिजनों को निशुल्क विधिक सहायता प्रदान करना और उन्हें उनके संवैधानिक व कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है।
इस सेवा का वर्चुअल लोकार्पण हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश तथा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के संरक्षक माननीय न्यायमूर्ति गुरमीत सिंह संधावालिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर उच्च न्यायालय के न्यायाधीश एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति विवेक सिंह ठाकुर समेत अन्य न्यायमूर्तिगण ऑनलाइन माध्यम से उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें : जयनगर कॉलेज में युवा रेडक्रॉस जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
सोलन में आयोजित कार्यक्रम में ज़िला एवं सत्र न्यायाधीश व ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. अरविंद मल्होत्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ अतिरिक्त ज़िला एवं सत्र न्यायाधीश अभय मण्डयाल व विवेक खनाल, मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी दिव्या ज्योति पटियाल, प्राधिकरण की सचिव आकांक्षा डोगरा, तथा अन्य वरिष्ठ न्यायिक अधिकारीगण मौजूद थे।
