राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। वह राज्य स्तरीय शूलिनी मेला-2025 के अवसर पर आयोजित नगर निगम सोलन के सफाई कर्मियों के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
डॉ. शांडिल ने नगर निगम द्वारा नवीनीकृत 18.50 लाख रुपये की लागत से बने बहुउद्देशीय हाल का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों का योगदान सराहनीय है और स्वच्छता जीवन की गुणवत्ता बढ़ाती है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जल्द ही नगर निगम के सभी 17 वार्डों में कूड़ा स्थल चिन्हित किए जाएंगे और उनकी सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी।
यह भी पढ़ें : मतदान केंद्रों की सूची का प्रारूप तैयार
डॉ. शांडिल ने पर्यावरण संरक्षण पर भी बल दिया और नागरिकों से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र की पेयजल समस्या के समाधान हेतु जल शक्ति विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस अवसर पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर आयोजित मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने आपदा राहत कोष में अपना योगदान देकर लोगों को आगे आने का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में महापौर ऊषा शर्मा, उप महापौर मीरा आनंद, पार्षदगण, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। गीता आदर्श विद्यालय के बच्चों ने पर्यावरण पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया।
