मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. अजय पाठक की अध्यक्षता में आज राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जन्म से 18 वर्ष तक के बच्चों में स्वास्थ्य समस्याओं के शीघ्र निदान और समाधान पर जोर दिया गया।
डॉ. पाठक ने बताया कि कार्यक्रम के तहत जिला की टीम वर्ष में एक बार स्कूलों और दो बार आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की स्वास्थ्य जांच करती है। उन्होंने टीम को निर्देश दिए कि जांच रिपोर्ट समय पर भेजना और अभिभावकों को अवगत कराना सुनिश्चित करें।
इसके साथ ही बच्चों को हाथ की सफाई, डायरिया, क्षय रोग और नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रियंका, सभी खंड चिकित्सा अधिकारी और अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।