स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार समावेशी और समग्र विकास के प्रति वचनबद्ध है ताकि आम जनता के जीवन में गुणात्मक सुधार लाया जा सके।
डॉ. शांडिल सोलन विधानसभा क्षेत्र के जौणाजी में आयोजित दो दिवसीय श्री कृष्ण जन्माष्टमी मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने भगवान विष्णु और पंचमुखी महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना की।
यह भी पढ़ें : डॉ. धनीराम शांडिल 17 अगस्त को करेंगे हिन्नर में विकास कार्यों का लोकार्पण
उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने सदैव धर्म के मार्ग का अनुसरण और अधर्म के त्याग का संदेश दिया, जिसे हर किसी को जीवन में अपनाना चाहिए।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित जन सेवा केंद्र भवन का लोकार्पण किया और इसके लिए अतिरिक्त सुविधाओं हेतु 2 लाख रुपये की घोषणा भी की। इस भवन से लोगों को लोक मित्र केंद्र की तर्ज पर ऑनलाइन सेवाएं मिलेंगी।
डॉ. शांडिल ने कहा कि मेले हमारी संस्कृति, भाईचारे और सामुदायिक सहभागिता का प्रतीक हैं। ये न केवल मनोरंजन बल्कि व्यापार, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और विरासत संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू नई योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के सतत विकास की नींव रख रहे हैं। सरकार अंतिम पंक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्यरत है और इसमें पंचायत प्रतिनिधियों की अहम भूमिका है।
इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने विभिन्न विभागों से जुड़ी स्थानीय समस्याओं को सुना और अधिकारियों को लंबित कार्य समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों, कांग्रेस नेताओं और स्थानीय लोगों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
