स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि पौधरोपण को जन आंदोलन बनाकर ही पर्यावरण संरक्षण को सफल बनाया जा सकता है। वे महासू मित्र मंडल और वन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से महासू वाटिका में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

डॉ. शांडिल ने कहा कि वन महोत्सव जैसे अभियान मानव जीवन की सुरक्षा और स्वच्छ-हरित हिमाचल के निर्माण के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने सामुदायिक भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि रोपित पौधों की देखभाल कर ही उन्हें वृक्ष का रूप दिया जा सकता है।

उन्होंने जानकारी दी कि मौजूदा सरकार के प्रयासों से सोलन वन मंडल में 315 हैक्टेयर भूमि पर 2.67 लाख पौधों का रोपण किया गया है। इसी कड़ी में महासू वाटिका में रीठा, शीशम, अर्जुन, दाड़ू और सिल्वर रॉक जैसे पौधे लगाए गए।

यह भी पढ़ें : जौणाजी श्री कृष्ण जन्माष्टमी मेले के समापन पर मंत्री धनीराम शांडिल के संबोधन

महासू मित्र मंडल के महासचिव एन.एल. शर्मा ने संगठन की सामाजिक गतिविधियों जैसे स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान और नशा मुक्ति जागरूकता की जानकारी दी। वहीं, अध्यक्ष राजेंद्र चौहान ने महासू वाटिका को एक जीवंत हरित स्थल बनाने पर बल दिया।

इस अवसर पर वन मंडल अधिकारी एच.के. गुप्ता ने बताया कि राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के तहत सोलन क्षेत्र में 17 हैक्टेयर भूमि पर पौधरोपण किया गया है।

कार्यक्रम में जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, व्यापार कल्याण बोर्ड के सदस्य जतिन साहनी, स्थानीय जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!