भारतीय जनता पार्टी जिला सिरमौर के नव-नियुक्त पदाधिकारियों और कार्यसमिति सदस्यों की पहली संगठनात्मक बैठक रविवार को भाजपा कार्यालय नाहन में सम्पन्न हुई। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिन्दल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

डॉ. बिन्दल ने पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सिरमौर भाजपा की नई टीम 2027 विधानसभा चुनाव में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा, मेहनत और लगन के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल सरकार का लक्ष्य 2026 तक हरित ऊर्जा राज्य: स्वास्थ्य मंत्री शांडिल

प्रदेश कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार तीन साल में केवल स्कूल, अस्पताल, तहसील और योजनाओं को बंद करने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश पर कर्ज का बोझ बढ़ा दिया गया है, पेट्रोल-डीजल पर टैक्स लगाकर हजारों करोड़ रुपये जनता से वसूले गए हैं।

डॉ. बिन्दल ने कहा कि एचआरटीसी ने 300 से ज्यादा रूट बंद किए, बस किराया दोगुना किया और महिलाओं को छूट भी खत्म कर दी। महंगाई, बिजली-पानी के बढ़ते दाम और बेरोजगारी ने जनता को परेशान कर दिया है।

उन्होंने कांग्रेस सरकार को “झूठ और धोखे से बनी सरकार” बताते हुए कहा कि 28 लाख बहनें आज भी 1500 रुपये की प्रतीक्षा कर रही हैं और बेरोजगारों को नौकरी के नाम पर ठगा गया है।

बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष धीरज गुप्ता, प्रदेश सचिव मनीष चौहान, जिला उपाध्यक्ष प्रताप ठाकुर, मंडल अध्यक्ष संजय पुंडीर सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!