उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि डिजिटल युग में बैंकिंग सुविधाओं का पूरा लाभ उठाने के लिए उपभोक्ताओं की अद्यतन जानकारी (KYC) आवश्यक है। इसी उद्देश्य से लीड बैंक यूको बैंक द्वारा पुनः KYC एवं जन सुरक्षा योजनाओं पर विशेष शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में उपायुक्त ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की अधिकतर योजनाएं बैंकों के माध्यम से लागू होती हैं। इसलिए सभी उपभोक्ताओं को समय-समय पर अपनी KYC अपडेट करनी चाहिए ताकि केवल सही व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई धोखाधड़ी न हो।

यह भी पढ़ें : सोलन जिले में 70% से अधिक सामाजिक सुरक्षा लाभार्थियों का ई-केवाईसी पूरा

वित्तीय सेवाएं विभाग के निदेशक विवेक गुप्ता ने बताया कि 1 जुलाई से 30 सितम्बर 2025 तक देशभर में वित्तीय समावेशन सेचुरेशन अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत बैंकों द्वारा उपभोक्ताओं को बीमा, पेंशन और अन्य योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

यूको बैंक हिमाचल के उप महाप्रबंधक विवेक मिश्रा ने प्रधानमंत्री जन धन योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना, सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना की विस्तृत जानकारी दी। वहीं लीड बैंक सोलन की उप महाप्रबंधक रचना मिश्रा ने बताया कि अभियान के दौरान हर ग्राम पंचायत में शिविर आयोजित कर वित्तीय योजनाओं और डिजिटल सुरक्षा की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

शिविर में लगभग 120 बैंक ग्राहकों ने भाग लिया। मौके पर ही 70 खातों की पुनः KYC अपडेट की गई और 65 लाभार्थियों का बीमा व पेंशन योजनाओं में नामांकन किया गया।

इस अवसर पर जिला परिषद सोलन के अध्यक्ष रमेश ठाकुर, एसबीआई व पीएनबी के क्षेत्रीय प्रमुख, जिला प्रशासन और विभिन्न बैंकों के अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!