सोलन के ठोडो मैदान में आयोजित हिमाचल उत्सव की सातवीं संध्या दर्शकों के लिए यादगार साबित हुई। मैदान खचाखच भरा था और हर तरफ उत्साह का माहौल था। जैसे ही मंच पर नाटी किंग कुलदीप शर्मा पहुंचे, दर्शकों की तालियों और जयकारों से पूरा मैदान गूंज उठा। उनकी लोकप्रिय नाटियों ने ऐसा समां बांधा कि दर्शक खुद को थिरकने से रोक न सके। कदमों की थाप और उड़ती धूल ने उत्सव की रंगत को और भी बढ़ा दिया।
अनुषा जोशी ने की शानदार शुरुआत
संध्या का शुभारंभ सोलन की बेटी और युवा गायिका अनुषा जोशी की मनमोहक प्रस्तुति से हुआ। उनकी दमदार आवाज़ और सुरों की मिठास ने दर्शकों का दिल जीत लिया। अनुषा ने यह साबित किया कि स्थानीय प्रतिभा किसी भी बड़े कलाकार से कम नहीं।
सोनू भारद्वाज ने दी बॉलीवुड की झलक
अनुषा के बाद मंच संभाला गायक सोनू भारद्वाज ने। उन्होंने लोकप्रिय हिंदी गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को बॉलीवुड संगीत की दुनिया में पहुंचा दिया। दर्शकों ने गीतों पर झूमते हुए सोनू की गायकी की खूब सराहना की।
सरप्राइज पैकेज बना डांस परफॉर्मेंस
कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण रहा युवा मंडल के संस्थापक महासचिव कीर्ति कौशल का डांस। आयोजन समिति के सक्रिय सदस्य की ऊर्जा से भरी प्रस्तुति ने सभी को चौंका दिया। पूरा मैदान तालियों और सीटियों से गूंज उठा। दर्शक लगातार उनका उत्साहवर्धन करते रहे।
स्थानीय कलाकारों ने जमाया रंग
उत्सव में स्थानीय और क्षेत्रीय कलाकारों ने भी अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इनमें जिया लाल, तनूजा चौहान, शशि चौहान, प्रदीप, नरेश, राहुल, सुनीता शांडिल, दीक्षिता बरागटा, किरण और रितिका शामिल रहे। उनकी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को खूब लुभाया और तालियों की गड़गड़ाहट बटोरी।
गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि अर्की के विधायक संजय अवस्थी मौजूद रहे। इसके अलावा विशिष्ट अतिथियों में निजी शिक्षण संस्थान नियामक आयोग के सदस्य विजयलाल सिंह, राज्य परियोजना निदेशक शिक्षा राजेश शर्मा और मुख्यमंत्री के इन्फ्रास्ट्रक्चर सलाहकार अनिल कपिल शामिल हुए।
समापन पर हुआ सम्मान
अंत में युवा मंडल के संस्थापक अध्यक्ष पंकज सूद, संस्थापक उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा और संस्थापक महासचिव कीर्ति कौशल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए
इसे भी पढ़ें : सोलन नगर निगम में मतदाता सूची पूर्वालोकन 25 सितम्बर
