दून विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बवासनी के जामन दा डोरा गांव में बीते दिनों हुई भारी बारिश ने कई परिवारों का आशियाना छीन लिया। जानकारी के अनुसार गांव में करीब 7 मकान पूरी तरह ढह गए, जिससे 40 लोग प्रभावित हुए हैं। प्रभावित परिवारों के सामने छत की समस्या खड़ी हो गई है।
सोमवार को उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने मौके का दौरा किया और हालात का जायज़ा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर संभव मदद करेगा। शर्मा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए भूमि चिन्हित की जाए और मामला शीघ्र कार्यवाही हेतु भेजा जाए, ताकि लोगों को जल्द से जल्द रहने के लिए सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराया जा सके।
भारी बारिश से बेघर हुए परिवारों को तत्काल राहत देते हुए प्रशासन की ओर से सहायता राशि, तरपाल और राशन किट उपलब्ध करवाई गई। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रभावित परिवारों को आगे भी हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उपायुक्त शर्मा ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि बारिश के कारण गांव की ओर जाने वाली जो सड़कें अवरुद्ध हुई हैं, उनकी स्थायी मरम्मत तुरंत की जाए। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त मकानों, पशुशालाओं और अन्य संपत्तियों का शीघ्र आकलन किया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को नुकसान का मुआवजा समय पर मिल सके।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान, उपमंडलाधिकारी बद्दी संजीव धीमान, तहसीलदार बद्दी सतिन्द्र जीत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने मौके पर स्थिति का निरीक्षण किया और प्रभावित परिवारों को राहत कार्यों का भरोसा दिलाया।
