स्मार्टफोन की स्क्रीन भले ही बड़ी हो रही है, लेकिन टैबलेट की मांग लगातार बढ़ रही है। इसी बीच OnePlus ने भारत में अपना नया OnePlus Pad 3 लॉन्च किया है। कंपनी ने इसे 13.2 इंच की बड़ी स्क्रीन और प्रीमियम डिजाइन के साथ पेश किया है। हमने इसका इस्तेमाल किया और जानने की कोशिश की कि क्या यह सिर्फ बड़ी स्क्रीन तक सीमित है या फिर इसमें दमदार फीचर्स भी हैं।
डिजाइन और बिल्ड क्वालिटी
OnePlus Pad 3 स्लिम और हल्के डिजाइन के साथ आता है। मेटल यूनिबॉडी स्ट्रक्चर पर तैयार यह टैबलेट सिर्फ 5.99mm मोटा और 675 ग्राम वजनी है। पीछे बीच में कंपनी का लोगो दिया गया है जबकि कैमरा टॉप साइड में प्लेस किया गया है। इसके अलावा नीचे की ओर कीबोर्ड अटैच करने के लिए चार डॉट्स मौजूद हैं।
हार्डवेयर बटनों की प्लेसमेंट भी अच्छी है। बाएं पैनल पर पावर बटन, ऊपर वॉल्यूम रॉकर और दोनों ओर स्पीकर ग्रिल्स दिए गए हैं। स्टायलस अटैच करने के लिए टॉप में पेन स्लॉट भी है। कुल मिलाकर इसका डिजाइन प्रीमियम और मॉडर्न फील देता है।
डिस्प्ले एक्सपीरियंस
इस टैबलेट की सबसे बड़ी खासियत इसकी 13.2 इंच 7:5 आस्पेक्ट रेशियो वाली डिस्प्ले है। इसमें 3.4K रिजॉल्यूशन (3392×2400 पिक्सल) और 12-बिट कलर IPS LCD पैनल दिया गया है। हालांकि AMOLED डिस्प्ले की कमी खलती है, लेकिन 900 निट्स पीक ब्राइटनेस और Dolby Vision सपोर्ट इसे इंडोर और वीडियो स्ट्रीमिंग के लिए बेहतर बनाते हैं।
डिस्प्ले का 144Hz एडेप्टिव रिफ्रेश रेट (डिफॉल्ट 120Hz) इसे स्मूद परफॉर्मेंस देता है। यूट्यूब पर 4K HDR स्ट्रीमिंग सपोर्ट मौजूद है, हालांकि कुछ OTT प्लेटफॉर्म पर रिजॉल्यूशन की लिमिट है।
ऑडियो और मल्टीमीडिया
OnePlus Pad 3 में ऑडियो एक्सपीरियंस को खास बनाया गया है। इसमें 8 स्पीकर सेटअप दिया गया है, जिसमें 4 वूफर और 4 ट्वीटर शामिल हैं। साउंड क्वालिटी क्लियर, लाउड और बैलेंस्ड मिलती है, जिससे म्यूजिक और वीडियो देखने का मजा और बढ़ जाता है।
कीबोर्ड और प्रोडक्टिविटी
कंपनी ने टैबलेट के साथ बड़ा कीबोर्ड और किक-स्टैंड भी दिया है। इसमें 12cm का वाइड ट्रैकपैड और अच्छे से स्पेस्ड कीज हैं, जिससे टाइपिंग आसान हो जाती है। हालांकि कीबोर्ड में बैकलाइट नहीं है और स्टैंड की स्टेबिलिटी थोड़ी कम है। इसे लंबे समय तक टेबल पर इस्तेमाल करना ही बेहतर रहेगा।
