लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि खेल केवल प्रतिभा निखारने का माध्यम ही नहीं हैं, बल्कि ये युवाओं को नशे से दूर रखने और जीवन को सही दिशा देने का सबसे सशक्त जरिया हैं।
वह सोलन जिले के कुमारहट्टी में आयोजित तृतीय राजा वीरभद्र सिंह मेमोरियल ओपन ऑल इंडिया बैडमिंटन प्रतियोगिता (वरिष्ठ वर्ग) के शुभारम्भ अवसर पर खिलाड़ियों और उपस्थित गणमान्य लोगों को संबोधित कर रहे थे।
चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से 537 खिलाड़ी वरिष्ठ और कनिष्ठ वर्ग में हिस्सा ले रहे हैं। मंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा का अवसर प्रदान करते हैं और हिमाचल को खेलों की नई पहचान देते हैं।
विक्रमादित्य सिंह ने युवाओं से अपील की कि वे अपनी दिनचर्या में खेल, योग और व्यायाम को शामिल करें। इससे न केवल शरीर स्वस्थ रहता है बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच भी विकसित होती है। उन्होंने कहा कि आज की जीवनशैली में तनाव कम करने का सबसे आसान तरीका खेल और योग को अपनाना है।
अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि हाल ही में हुई भारी वर्षा से प्रदेश के लोक निर्माण विभाग को करीब 4500 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। क्षतिग्रस्त सड़कों और अधोसंरचना को चरणबद्ध तरीके से बहाल किया जा रहा है। पर्यटन पर भी इसका असर पड़ा था, लेकिन अब पर्यटकों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ रही है।
इसे भी पढ़ें : जोगिंद्रा बैंक की चंडी शाखा नए भवन में शिफ्ट
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार कदम उठा रही है। ओलंपिक खेलों की व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक विजेता को 5 करोड़ रुपए, रजत विजेता को 3 करोड़ रुपए और कांस्य विजेता को 2 करोड़ रुपए देने का निर्णय लिया गया है। इसी तरह एशियन गेम्स और राष्ट्रमंडल खेलों में पदक विजेताओं की राशि में भी वृद्धि की गई है।
खिलाड़ियों की डाईट मनी भी बढ़ाई गई है। अब प्रारम्भिक शिक्षा स्तर के खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय खेलों में भाग लेने पर 250 रुपए प्रतिदिन, अन्य खिलाड़ियों को 400 रुपए प्रतिदिन और प्रदेश से बाहर खेलों में भाग लेने पर 500 रुपए प्रतिदिन दिए जाएंगे
इस अवसर पर नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बाबा, जिला परिषद सदस्य राजेंद्र ठाकुर, नगर निगम सोलन के पार्षद राजीव कौड़ा, कांग्रेस नेता रमेश ठाकुर, कुमारहट्टी वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष रमेश चौहान सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
