
राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय च॑डी में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़े हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम विद्यालय की प्रधानाचार्या दर्शन शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। समारोह में दून विधानसभा के विधायक चौधरी राम कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, उनके साथ ग्राम पंचायत च॑डी के प्रधान बलवंत ठाकुर भी मंच पर मौजूद थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद विद्यालय के विद्यार्थियों ने माँ सरस्वती की वंदना प्रस्तुत की। विद्यालय की कार्यवाहक प्रधानाचार्या दर्शन शर्मा ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक व सह-शैक्षणिक गतिविधियों में विद्यार्थियों के प्रदर्शन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन समिति के सहयोग और वर्ष भर की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि चौधरी राम कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षकों, अभिभावकों और समाज के संयुक्त प्रयासों से ही बच्चों का भविष्य उज्जवल बनाया जा सकता है। उन्होंने विद्यालय के सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विद्यार्थियों की प्रतिभा की खुलकर प्रशंसा की।
इस अवसर पर बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिनमें खासकर हिमाचली नाटी की मनमोहक प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के अंत में खेलकूद और पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
