सोलन शहर में लगातार बढ़ती ट्रैफिक समस्या ने लोगों को परेशान कर दिया है। शहर की सड़कों पर दिन के समय दौड़ते मालवाहक वाहनों व पिकअप जीपों के कारण आए दिन लंबे जाम लग रहे हैं। जनता ने प्रशासन से मांग की है कि इन वाहनों की आवाजाही दिन में पूरी तरह बंद की जाए, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था सामान्य रह सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस प्रशासन की ओर से कई बार निर्देश जारी होने के बावजूद भी कई चालक राजगढ़ और अन्य क्षेत्रों की ओर जाने के लिए शामती बाईपास का उपयोग नहीं करते। नतीजतन शहर के अंदर अनावश्यक जाम की स्थिति पैदा हो जाती है, जिसका खामियाजा आम जनता को उठाना पड़ता है। स्कूल के समय महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
हाल ही में पुलिस द्वारा पिकअप जीपों और मालवाहक वाहनों को शामती बाईपास का उपयोग करने के निर्देश दिए गए थे। लोगों ने इस फैसले का स्वागत किया है। उनका कहना है कि कुछ चालक जानबूझकर शहर के अंदर से गुजरते हैं, जिससे ट्रैफिक अव्यवस्थित हो जाती है। वहीं सोलन पिकअप यूनियन के कुछ सदस्यों द्वारा इस कार्रवाई का विरोध भी किया गया, लेकिन आम लोगों का कहना है कि यह निर्णय पूरी तरह जनहित में है और पुलिस को इसे सख्ती से लागू करना चाहिए।
शहरवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि कई मालवाहक वाहनों और पिकअप में पीछे की ओर नंबर प्लेटें नहीं लगी होतीं, या चालक उन्हें कीचड़ से ढक देते हैं। इसके अलावा अधिकांश चालक सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करते और रात में Low Beam का पालन भी नहीं करते, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। कई चालक गाड़ी के अंदर दो से तीन लोगों को भी बैठाते हैं, जो ट्रैफिक नियमों का खुला उल्लंघन है।
लोगों ने मांग की है कि ऐसे नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और वाहनों को जब्त किया जाए। उनका कहना है कि ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले ड्राइवर शहर के लिए गंभीर समस्या बन चुके हैं।
इस मामले पर पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि पिछले दो दिनों में पुलिस ने शामती बाईपास से 600 से अधिक वाहनों को डायवर्ट किया है, जिससे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में काफी सुधार देखने को मिला है। उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि राजगढ़ व अन्य क्षेत्रों में जाने के लिए शामती बाईपास का अधिक से अधिक उपयोग करें। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
