अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर अधोसंरचना विकसित करने तथा किसानों व बागवानों की आर्थिकी को मजबूत बनाने के लिए बहुआयामी योजनाएं प्रभावी रूप से लागू कर रही है। वे आज अर्की विधानसभा क्षेत्र के कुनिहार स्थित खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय परिसर में लगभग 33 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित गुलमोहर विश्राम गृह के लोकार्पण अवसर पर उपस्थित पंचायत राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों को संबोधित कर रहे थे।

विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। क्षेत्र में सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि नागरिक अस्पताल अर्की में 7 विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति करवाई गई है, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी शुरू हो गई हैं। साथ ही कुनिहार में भी स्वास्थ्य अधोसंरचना को और मजबूत किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से अर्की विधानसभा क्षेत्र में तीन राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

विधायक ने कहा कि ग्रामीण आर्थिकी को सुदृढ़ करने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रदेश सरकार महिला स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। अर्की विधानसभा क्षेत्र के स्वयं सहायता समूहों की आय बढ़ाने और उनके उत्पादों को उचित विपणन मंच उपलब्ध करवाने के लिए दाड़लाघाट में उपयुक्त स्थान चिन्हित कर लिया गया है, जहां आवश्यक अधोसंरचना उपलब्ध है।

इस अवसर पर संजय अवस्थी ने खण्ड विकास अधिकारी कुनिहार कार्यालय के प्रारम्भिक निर्माण कार्य के लिए प्रथम चरण में 10 लाख रुपये तथा परिसर में शॉप और कैंटीन निर्माण के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने मौके पर जन समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को इनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

विधायक ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाई गई उत्पाद प्रदर्शनियों का अवलोकन किया और उनके उत्पादों में गहरी रुचि दिखाई। पंचायत समिति कुनिहार की अध्यक्ष सोमा कौंडल ने मुख्यातिथि सहित सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया।

इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी अर्की के वरिष्ठ नेता सतीश कश्यप, पंचायत समिति कुनिहार के उपाध्यक्ष प्रताप ठाकुर, ग्राम पंचायत प्रधान-उपप्रधान परिषद के अध्यक्ष रूप सिंह ठाकुर, ग्राम पंचायत कुनिहार के प्रधान राकेश ठाकुर, उपमंडलाधिकारी अर्की निशांत तोमर, जिला कल्याण अधिकारी सोलन गावा सिंह नेगी, उपमंडलीय वन अधिकारी कुनिहार राज कुमार, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड अर्की के अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार, खण्ड विकास अधिकारी कुनिहार तनमय सिंह कंवर, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

वीएसएलएम कॉलेज चंडी में शिक्षण नवाचार व नशा मुक्ति कार्यक्रम

error: Content is protected !!