हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) ने मेडिकल एजुकेशन एवं रिसर्च विभाग के अंतर्गत विभिन्न पदों को भरने के लिए आयोजित पर्सनैलिटी टेस्ट के परिणाम घोषित कर दिए हैं। चयनित अभ्यर्थियों को राज्य के मेडिकल कॉलेजों में सहायक प्रोफेसर पदों पर नियुक्ति दी गई है।

जारी परिणामों के अनुसार, चंबा मेडिकल कॉलेज में सहायक प्रोफेसर (प्रसूति एवं स्त्री रोग विज्ञान) पद के लिए भावना का चयन हुआ है। वहीं, इसी कॉलेज में सहायक प्रोफेसर (जनरल सर्जरी) पद पर कार्तिक चयनित हुए हैं। इसके अलावा हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में सहायक प्रोफेसर (जनरल सर्जरी) पद के लिए रवि सिंह डोगरा और शमशेर सिंह चोपड़ा को चयनित किया गया है।

लोक सेवा आयोग ने इन पदों से संबंधित विस्तृत परिणाम अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिए हैं, जहां उम्मीदवार पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

इसी बीच, कृषि विभाग में कृषि विभाग अधिकारी के पद के लिए पर्सनैलिटी टेस्ट का आयोजन 19 से 24 जनवरी तक किया जाएगा। इस प्रक्रिया के तहत पात्र उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड उनकी यूजर आईडी में अपलोड किए जाएंगे। साथ ही, उम्मीदवारों को एसएमएस और ई-मेल के माध्यम से भी सूचना भेजी जाएगी। अतिरिक्त जानकारी के लिए अभ्यर्थी आयोग के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

वहीं, हिमाचल प्रदेश फॉरेस्ट सर्विस (ACF) मुख्य परीक्षा के लिए प्राप्त आवेदनों में से 6 उम्मीदवारों के आवेदन विभिन्न कारणों से रिजेक्ट कर दिए गए हैं। इससे संबंधित सूची आयोग द्वारा जारी कर दी गई है।

इसके अलावा, गृह विभाग (अभियोजन) में सहायक जिला अटॉर्नी के पद के लिए आए आवेदनों में से 50 उम्मीदवारों के आवेदन अस्वीकृत किए गए हैं। आयोग ने ऐसे उम्मीदवारों को 10 जनवरी तक दस्तावेजों सहित अपना पक्ष रखने का अवसर दिया है। इसके बाद आयोग मामले की समीक्षा कर अगला निर्णय लेगा।

error: Content is protected !!