नए साल में हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के बेड़े में शामिल होने जा रही नई इलेक्ट्रिक बसों में बड़ा बदलाव किया गया है। अब ये नई ई-बसें एक बार चार्ज होने पर 220 से 250 किलोमीटर तक चलेंगी। इससे पहले प्रस्तावित बसें केवल 180 किलोमीटर तक चलने वाली थीं।

बैटरी क्षमता बढ़ने से बसों को बार-बार चार्ज करने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे लंबी दूरी के रूटों पर संचालन और अधिक आसान हो जाएगा।

आधे घंटे में फुल चार्ज होंगी बसें

नई इलेक्ट्रिक बसों की एक खास बात यह भी है कि ये बसें सिर्फ 30 मिनट में फुल चार्ज हो जाएंगी। इसके लिए कंपनी ने चार्जिंग तकनीक में बदलाव किया है। निगम को बसों के साथ-साथ 32 फास्ट चार्जिंग स्टेशन मुफ्त दिए जा रहे हैं, जो बसों को आधे घंटे में पूरी तरह चार्ज कर सकेंगे।

297 इलेक्ट्रिक बसों की होनी है सप्लाई

कंपनी के साथ हुए करार के अनुसार, HRTC को कुल 297 इलेक्ट्रिक बसें मिलनी हैं। इनमें से

  • 50% बसों की सप्लाई 9 जनवरी तक

  • और 100% बसों की सप्लाई मार्च माह तक होनी है।

हालांकि, बसों की बैटरी क्षमता बढ़ाने के चलते कंपनी ने निगम प्रबंधन और सरकार से चार महीने का अतिरिक्त समय मांगा है। फिलहाल सरकार और निगम ने इस पर कोई मंजूरी नहीं दी है और तय समय पर बसों की डिलीवरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

हैदराबाद में तैयार हुई ट्रायल बस

कंपनी ने हैदराबाद में HRTC की नई इलेक्ट्रिक बस को ट्रायल के लिए तैयार कर दिया है। वहीं से एक ई-बस शिमला के लिए रवाना भी हो चुकी है। निगम प्रबंधन के अनुसार यह बस अगले सोमवार या मंगलवार तक सोलन या शिमला पहुंच सकती है।

इसके बाद प्रदेश भर में बस का ट्रायल किया जाएगा और इसकी परफॉर्मेंस रिपोर्ट कंपनी को भेजी जाएगी

12 फास्ट चार्जिंग स्टेशन पहुंचे हिमाचल

कंपनी द्वारा दिए जा रहे 32 फास्ट चार्जिंग स्टेशनों में से 12 स्टेशन हिमाचल पहुंच चुके हैं। बाकी स्टेशन बसों की डिलीवरी के साथ उपलब्ध कराए जाएंगे।

क्या बोले HRTC उपाध्यक्ष

HRTC के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने बताया कि निगम के बेड़े में जल्द ही 297 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल होंगी। डिलीवरी से पहले कंपनी बसों की बैटरी क्षमता बढ़ा रही है। पहले इन बसों की रेंज 180 किलोमीटर तय थी, लेकिन अब यह 220 से 250 किलोमीटर तक कर दी गई है। कंपनी ने डिलीवरी के लिए अतिरिक्त समय मांगा है, लेकिन फिलहाल तय समय में ही सप्लाई करने को कहा गया है।

हिमाचल में राष्ट्रीय ड्रैगन बोट चैंपियनशिप | गोबिंद सागर झील
06 पदों के लिए कैंपस इंटरव्यू 06 जनवरी 2026 को
error: Content is protected !!