ऊना जिले के चलेट गांव में आज ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने हर आंख नम कर दी। एकसाथ चार अर्थियां उठीं और चार चिताएं जलीं, जिससे पूरा गांव गमगीन माहौल में डूब गया। यह अंतिम संस्कार पंजाब के होशियारपुर-दसूहा रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले चार युवकों का था।
यह दर्दनाक हादसा उस समय हुआ, जब सभी लोग कार में सवार होकर एक युवक को अमृतसर एयरपोर्ट से दुबई की फ्लाइट पकड़वाने जा रहे थे। लेकिन घनी धुंध और तेज रफ्तार ने रास्ते में ही चार जिंदगियों को छीन लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। हिमाचल नंबर की कार जैसे ही लिंक रोड से मेन रोड पर चढ़ रही थी, तभी दसूहा की ओर से आ रही पनबस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बस कार को करीब 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। बाद में बस सड़क किनारे बनी झुग्गियों पर जा चढ़ी, हालांकि वहां कोई मौजूद न होने से बड़ा नुकसान टल गया।
हादसे में जान गंवाने वाले सभी युवक ऊना जिले के चलेट गांव (दौलतपुर चौक) के निवासी थे। मृतकों में सुखविंदर सिंह, सुशील कुमार, बृज कुमार और अरुण कुमार शामिल हैं। चारों अपने-अपने परिवार के एकमात्र सहारा थे और पीछे छोटे-छोटे बच्चे छोड़ गए हैं।
