राजीव ख़ामोश , कुठाड़ : राजकीय उच्च विद्यालय दांवटा की आठवीं कक्षा की मेधावी छात्रा नव्या (सुपुत्री श्री देश राज) ने राज्य स्तर पर आयोजित राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति योजना (NMMS) परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस सफलता के बाद नव्या को अब कक्षा 12 तक प्रतिमाह 1000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
यह परीक्षा राज्य स्तर पर आयोजित की जाती है, जिसमें हजारों विद्यार्थी भाग लेते हैं, लेकिन चयन केवल मेधावी और मेहनती छात्रों का ही होता है। नव्या ने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर अध्ययन के दम पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उसकी सफलता से विद्यालय, अभिभावकों और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
विद्यालय के मुख्याध्यापक राजेश ठाकुर और अन्य शिक्षकों ने नव्या को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि नव्या की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
नव्या की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, विद्यालय प्रबंधन समिति और स्थानीय लोगों ने भी खुशी व्यक्त की है और उम्मीद जताई है कि वह भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन करती रहेगी।
