राजीव ख़ामोश , कुठाड़ : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बी.एल. सेंट्रल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कुनिहार के लिए गर्व का क्षण रहा। विद्यालय की मुख्याध्यापिका एवं स्कूल प्रबंधन समिति की सचिव सुषमा शर्मा को शिक्षा के क्षेत्र में तीन दशकों से अधिक समय तक दी गई उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।

यह सम्मान हिमाचल प्रदेश सरकार के राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं आरपीजी मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा फर्स्ट वर्डिक्ट न्यूज़पेपर के माध्यम से प्रदान किया गया। यह सम्मान उनके समर्पण, अनुकरणीय नेतृत्व और शिक्षा के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

सुषमा शर्मा वर्ष 1995 से बी.एल. सेंट्रल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कुनिहार में लगातार सेवाएँ दे रही हैं। उनके नेतृत्व में विद्यालय ने शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक, खेल और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षाओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।

विद्यालय के अध्यक्ष गोपाल शर्मा के मार्गदर्शन में बी.एल. स्कूल कुनिहार शिक्षा, अनुशासन और उत्कृष्टता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, पीटीए अध्यक्ष रतन तंवर, सदस्यों और सभी अध्यापकों ने सुषमा शर्मा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

error: Content is protected !!