हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में आगामी पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव 2026 को लेकर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है। उपायुक्त मनमोहन शर्मा द्वारा हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम, 1994 की धारा 125 तथा निर्वाचन नियम 87 के तहत ग्राम पंचायतों के प्रधान पदों के लिए आरक्षण सूची अधिसूचित कर दी गई है।
इस अधिसूचना के जारी होते ही जिले की राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं और संभावित उम्मीदवारों के समीकरण भी बदलने लगे हैं।
विकास खंड सोलन की कई पंचायतों में इस बार महिला, अनुसूचित जाति और अनारक्षित श्रेणियों के अनुसार पद आरक्षित किए गए हैं।
- ग्राम पंचायत तोप की बेड़, पट्टा बरावरी, जाडली और कक्कड़हट्टी में प्रधान पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित किया गया है।
- डांगरी, ओच्छघाट, शमरोड़, सलोगड़ा, आंजी, जौणाजी, चेवा, सुल्तानपुर, मनसार जैसी पंचायतें अनारक्षित श्रेणी में रखी गई हैं।
- वहीं सन्होल, शड़ियाणा, हरिपुर, सेर बनेड़ा, सपरुन, काबा कलां, बसाल, बड़ोग, देवठी, नौणी मझगांव, धार बखूना में प्रधान पद महिला वर्ग के लिए आरक्षित है।
- भारती, पड़ग, शामती, भोजनगर, धरोट, जाबल झमरोट, सेरी, चामत भडे़च में प्रधान पद अनुसूचित जाति के लिए तय किया गया है।
इस आरक्षण सूची के बाद कई संभावित उम्मीदवारों के चुनाव लड़ने के समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं। कई सीटों पर नए चेहरे सामने आ सकते हैं, खासकर महिला और अनुसूचित जाति वर्ग में राजनीतिक भागीदारी बढ़ने की उम्मीद है।
