सोलन विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण विकास को एक नई दिशा देते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कण्डाघाट उपमण्डल की ग्राम पंचायत झाझा में कशौला खड्ड से चौहड़ा तक बनने वाले संपर्क मार्ग का भूमि पूजन किया। इस परियोजना को क्षेत्रीय विकास के लिए मील का पत्थर माना जा रहा है।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लगभग 6 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर 5.90 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस सड़क के बनने से न केवल स्थानीय ग्रामीणों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, बल्कि प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चायल की दूरी भी करीब 14 किलोमीटर कम हो जाएगी, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
मंत्री ने यह भी बताया कि अश्वनी खड्ड पर 14 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। इसके अलावा डी.डी.एल. फैक्टरी से कशौला खड्ड तक सड़क सुधार के लिए 3.40 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की “भाग्य रेखाएं” होती हैं और सरकार गांव-गांव तक बेहतर सड़क सुविधा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हिमाचल को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है। सरकार द्वारा दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है, खासकर महिलाओं और पशुपालकों को इसका लाभ मिल रहा है।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि अस्पतालों में आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है, जिसमें रोबोटिक सर्जरी जैसी उन्नत तकनीकों को भी शामिल किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस मौके पर कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
सोलन में धूमधाम से मनाया जाएगा हिमाचल दिवस
