हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत पर्यटन स्थल कसौली हेरिटेज मार्केट में आज सुबह एक भीषण अग्निकांड ने हड़कंप मचा दिया। सुबह करीब 4 बजे लगी इस आग में 8 दुकानों को भारी नुकसान हुआ है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में लगभग 3 करोड़ रुपए की संपत्ति जलकर खाक हो गई।

उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जैसे ही आग लगने की सूचना मिली, स्थानीय प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन विभाग और विद्युत बोर्ड ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।

चार अग्निशमन वाहनों को मौके पर भेजा गया, जिन्होंने लगातार प्रयास कर आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। समय रहते कार्रवाई होने से आग को फैलने से रोका जा सका, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

जिला प्रशासन ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए सभी 8 प्रभावित दुकानदारों को तुरंत राहत प्रदान की है। प्रत्येक दुकानदार को 25-25 हजार रुपए की फौरी सहायता राशि दी गई है।

जिन दुकानों को नुकसान हुआ उनमें गिफ्ट आइटम, फास्ट फूड, स्वीट्स और मेडिकल स्टोर शामिल हैं। इन छोटे व्यापारियों के लिए यह नुकसान काफी बड़ा झटका माना जा रहा है।

उपमंडलाधिकारी कसौली की रिपोर्ट के अनुसार इस अग्निकांड में लगभग 3 करोड़ रुपए की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की संभावना जताई जा रही है।

उपायुक्त ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में घबराएं नहीं और तुरंत आपातकालीन नंबर 1077 पर संपर्क करें। साथ ही दुकानदारों और स्थानीय लोगों को अग्नि सुरक्षा उपाय अपनाने की भी सलाह दी गई है।

error: Content is protected !!