भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष रश्मि धर सूद ने महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश में महिलाओं को नई पहचान और मजबूत आवाज मिली है।

रश्मि धर सूद ने विशेष रूप से नारी शक्ति वंदन अधिनियम का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कानून महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। इससे भविष्य में नीति निर्माण में महिलाओं की भागीदारी और प्रभाव दोनों बढ़ेंगे।

उन्होंने बताया कि पिछले एक दशक में महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और गरिमा से जुड़े कई महत्वपूर्ण संकेतकों में सुधार दर्ज किया गया है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत करोड़ों गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की गई है, जिससे मातृ और शिशु स्वास्थ्य में मजबूती आई है।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के जरिए देशभर में महिलाओं को निःशुल्क प्रसव पूर्व जांच की सुविधा मिल रही है, जिससे सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा मिला है। वहीं मिशन इंद्रधनुष और टीकाकरण कार्यक्रमों ने बच्चों की मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी लाई है।

पोषण के क्षेत्र में भी सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए पोषण 2.0 योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं और बच्चों को पोषणयुक्त आहार उपलब्ध कराया है।

रश्मि धर सूद ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को एलपीजी कनेक्शन मिलने से उन्हें धुएं से होने वाली बीमारियों से राहत मिली है और जीवन स्तर बेहतर हुआ है।

इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन ने महिलाओं की दैनिक जिंदगी को आसान बनाया है। शौचालय निर्माण और घर-घर जल पहुंचने से महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और समय दोनों की बचत हुई है।

अंत में उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का प्रभावी क्रियान्वयन देश में महिलाओं की भूमिका को और मजबूत करेगा। इससे न केवल सामाजिक और आर्थिक विकास तेज होगा, बल्कि भारत एक सशक्त और समावेशी राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ेगा।

error: Content is protected !!