हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित सीबीएसई सब-कैडर स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम घोषित होते ही प्रदेशभर में खुशी की लहर दौड़ गई है। इस परीक्षा में कुल 6084 शिक्षकों ने सफलता हासिल की है, लेकिन अर्की उपमंडल के एक युवा शिक्षक ने अपनी प्रतिभा से सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
ग्राम पंचायत पलोग के नेर गांव निवासी हरीश कुमार शर्मा ने राज्य स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि से इलाके में उत्साह और गर्व का माहौल है।
वर्तमान में हरीश कुमार शर्मा जिला सोलन के शिक्षा खंड रामशहर के अंतर्गत लगदाघाट क्लस्टर की राजकीय प्राथमिक पाठशाला बढ़ल-2 में शिक्षक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। उनकी सफलता के पीछे उनके परिवार की मजबूत शैक्षिक पृष्ठभूमि का बड़ा योगदान है।
हरीश के पिता हेमचंद शर्मा शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त शिक्षक हैं और भारतीय सेना में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके स्वर्गीय दादा प्रेमचंद शर्मा भी एक शिक्षक रहे, जबकि उनकी पत्नी और बहन भी शिक्षा व सरकारी सेवा से जुड़ी हुई हैं। इस तरह शिक्षा का संस्कार उन्हें परिवार से विरासत में मिला है।
हरीश का कहना है कि उन्हें अपने दादा-दादी से हमेशा आगे बढ़ने और समाज की सेवा करने की प्रेरणा मिली है। उनकी यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है।अब इस परीक्षा में सफल हुए सभी शिक्षक आगामी काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेंगे, जिसके आधार पर उनकी नई नियुक्तियां तय की जाएंगी।
