
सोलन ज़िला में नगर निकाय निर्वाचन-2026 को लेकर चुनावी माहौल अब और अधिक गर्म हो गया है। नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभिन्न शहरी निकायों के लिए कुल 121 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं। यह जानकारी ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर निगम सोलन से 10 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापस लिए। वहीं नगर परिषद परवाणू से 6, नगर परिषद नालागढ़ से 1, नगर पंचायत अर्की से 4 तथा नगर पंचायत कण्डाघाट से 13 उम्मीदवारों ने नामांकन वापिस लिया।
अब अंतिम मुकाबले में नगर निगम सोलन के लिए 42 उम्मीदवार, नगर परिषद परवाणू के लिए 19, नगर परिषद नालागढ़ के लिए 26, नगर पंचायत अर्की के लिए 15 तथा नगर पंचायत कण्डाघाट के लिए 19 प्रत्याशी मैदान में हैं।
नगर निगम सोलन के विभिन्न वार्डों से चन्द्र कांता, शान्ता, रजनी बाला, देवेन्द्र कुमार, रोहिणी सूद, सुमन साहनी, प्रतीक गुप्ता, विधी चन्द शर्मा, जगदीश चन्द और ईशा सूद ने नामांकन वापस लिए।
इसी प्रकार परवाणू, अर्की और कण्डाघाट के कई वार्डों में भी उम्मीदवारों ने चुनावी दौड़ से खुद को अलग कर लिया है। नामांकन वापसी के बाद अब सभी राजनीतिक दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है।
सोलन ज़िला के शहरी क्षेत्रों में इस बार चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में चुनावी सभाओं, जनसंपर्क अभियानों और प्रचार गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है।
