सोलन में निवास कर रहे मिलिट्री नर्सिंग सेवा (एम.एन.एस.) के सेवानिवृत्त कर्मियों के लिए महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। उप निदेशक सैनिक कल्याण सोलन कर्नल (सेवानिवृत) एस.के. अग्निहोत्री ने सभी रिटायर्ड एमएनएस कर्मियों से सैनिक कल्याण कार्यालय सोलन में अपना पंजीकरण करवाने का आग्रह किया है।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि केन्द्र सरकार के हालिया निर्णय के बाद अब मिलिट्री नर्सिंग सेवा से सेवानिवृत्त कर्मियों को भी पूर्व सैनिक की श्रेणी में शामिल कर लिया गया है। इससे पहले पूर्व सैनिक का दर्जा केवल थल सेना, नौ सेना और वायु सेना के सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं जवानों तक सीमित था।
कर्नल एस.के. अग्निहोत्री ने कहा कि जिला सैनिक कल्याण कार्यालय सोलन के पास वर्तमान में जिले में रहने वाले रिटायर्ड एमएनएस कर्मियों का पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है। ऐसे में सभी पात्र कर्मियों का पंजीकरण आवश्यक है ताकि उन्हें केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
उन्होंने यह भी बताया कि पंजीकरण करवाने के बाद पात्र कर्मियों को पूर्व सैनिक पहचान पत्र भी जारी किए जाएंगे। इससे उन्हें सरकारी सुविधाओं, सहायता योजनाओं और अन्य लाभों का फायदा लेने में आसानी होगी।
सैनिक कल्याण विभाग ने सोलन जिला में रहने वाले सभी मिलिट्री नर्सिंग सेवा के सेवानिवृत्त कर्मियों से जल्द से जल्द जिला सैनिक कल्याण कार्यालय सोलन में संपर्क कर अपना नाम दर्ज करवाने की अपील की है।अधिक जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नंबर 01792-223764 पर संपर्क किया जा सकता है।
