सोलन जिले में शहरी निकाय निर्वाचन-2026 को लेकर प्रशासन ने चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत आज इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) को विभिन्न शहरी निकायों के लिए पूरी सुरक्षा व्यवस्था के साथ स्थानांतरित किया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
अतिरिक्त उपायुक्त सोलन राहुल जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि गत दिवस सभी ईवीएम मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच निर्धारित मानकों के अनुसार सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई थी। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार मशीनों को संबंधित क्षेत्रों के लिए भेजा गया।
उन्होंने बताया कि सोलन नगर निकाय के लिए 73 ईवीएम, कण्डाघाट के लिए 20, नालागढ़ के लिए 19, परवाणू के लिए 18 तथा अर्की के लिए 16 ईवीएम मशीनें भेजी गई हैं। इसके साथ ही प्रशिक्षण कार्यों के लिए उपयोग होने वाली ईवीएम मशीनों को भी संबंधित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
प्रशासन की ओर से सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है ताकि आगामी चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें। इस अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के शिव दत्त शर्मा और कंचन राणा, भारतीय जनता पार्टी के चंद्रकांत एवं दिनेश शुक्ला तथा बहुजन समाज पार्टी के राकेश बरार भी उपस्थित रहे।
इसके अलावा उपायुक्त कार्यालय की अधीक्षक कमला शर्मा सहित निर्वाचन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी पूरी प्रक्रिया के दौरान मौजूद रहे। सोलन जिले में चुनावी गतिविधियों के तेज होने से राजनीतिक माहौल भी गर्माने लगा है।
