नगर निकाय निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न करवाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने नगर निगम सोलन के सभी 17 वार्डों के चुनावों के लिए आयोजित द्वितीय चरण पूर्वाभ्यास प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को बिना किसी विवाद और त्रुटि के सम्पन्न करवाने में पीठासीन अधिकारी, सेक्टर अधिकारी और पोलिंग अधिकारियों की सबसे अहम भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम केवल औपचारिकता नहीं बल्कि सफल निर्वाचन की मजबूत नींव है। सभी अधिकारियों को प्रशिक्षण में दी गई जानकारी को गंभीरता से समझकर उसे मतदान प्रक्रिया में लागू करना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि यदि किसी अधिकारी के रिश्तेदार संबंधित वार्ड से चुनाव मैदान में हैं और उनकी ड्यूटी उसी वार्ड में लग जाती है, तो इसकी जानकारी तुरंत उच्च अधिकारियों को दें ताकि समय रहते ड्यूटी बदली जा सके। प्रशासन का उद्देश्य पूरी चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखना है।
जानकारी के अनुसार नगर निगम सोलन के 17 वार्डों के लिए कुल 54 निर्वाचन दल गठित किए गए हैं। इन दलों में शामिल 216 अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मतदान प्रक्रिया, ईवीएम संचालन, नियमों और आपात स्थिति से निपटने के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर डॉ. पूनम बंसल, ऊषा चौहान, मास्टर ट्रेनर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
