कुनिहार स्थित बी एल सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ने एक बार फिर शानदार परीक्षा परिणाम देकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित दसवीं कक्षा के वार्षिक परीक्षा परिणाम में विद्यालय का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
विद्यालय प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार छात्रा गार्गी शर्मा ने 671 अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। समीक्षा जोशी और आकृति ने 669 अंक लेकर संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं वंशिका शेख ने 658 अंक के साथ तीसरा, तान्या ने 654 अंक लेकर चौथा तथा कुमार मंगलम ने 649 अंक लेकर पांचवां स्थान हासिल किया।

विद्यालय के लिए गर्व की बात यह भी रही कि 25 विद्यार्थियों ने 600 से अधिक अंक प्राप्त कर शानदार सफलता दर्ज की। मेधावी विद्यार्थियों के विद्यालय पहुंचने पर प्रातःकालीन सभा में उनका विशेष सम्मान किया गया। विद्यालय प्रबंधन और अध्यापकों ने विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर उनकी सफलता का जश्न मनाया।
विद्यालय अध्यक्ष ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि विद्यालय पिछले 31 वर्षों से लगातार उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देता आ रहा है और प्रदेश में ए-ग्रेड श्रेणी में अपनी अलग पहचान बनाए हुए है।
उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए भी निरंतर कार्य कर रहा है। विद्यालय के छात्र शिक्षा, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान पूरे परिसर में उत्साह और गर्व का वातावरण देखने को मिला।
