स्टेट एलिजिबिलिटी टेस्ट-2026 (SET) में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। आयोग ने SET-2026 परीक्षा के ई-एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थी अब संबंधित आधिकारिक लिंक के माध्यम से अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग की ओर से परीक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण गाइडलाइन भी जारी की गई हैं, जिन्हें उम्मीदवारों को ध्यानपूर्वक पढ़ना जरूरी होगा।
आयोग के अनुसार SET-2026 परीक्षा आगामी 7 जून को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो अलग-अलग पालियों में होगी। पेपर-1 सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगा। इसके लिए उम्मीदवारों को सुबह 9:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा। वहीं पेपर-2 दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा और इसके लिए रिपोर्टिंग टाइम दोपहर 1 बजे निर्धारित किया गया है।
उम्मीदवारों के लिए सबसे महत्वपूर्ण निर्देश यह है कि परीक्षा केंद्र के एंट्री गेट परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले बंद कर दिए जाएंगे। यानी पेपर-1 के लिए सुबह 10:30 बजे और पेपर-2 के लिए दोपहर 2 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि लेट आने वाले उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र में एंट्री की अनुमति नहीं दी जाएगी।
परीक्षा में किसी प्रकार की परेशानी से बचने के लिए आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा शुरू होने से कम से कम 2 घंटे पहले केंद्र पर पहुंच जाएं। उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड के साथ वैध पहचान पत्र भी साथ लाना अनिवार्य होगा।
यदि किसी उम्मीदवार को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने या परीक्षा से जुड़ी अन्य जानकारी में समस्या आती है तो वे आयोग कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। परीक्षा से पहले सभी दिशा-निर्देशों का पालन करना जरूरी होगा, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
