
ज़िला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने जानकारी देते हुए कहा कि सोलन जिला में 26 मई 2026 को होने वाले पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन ने शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक होगा।
जिला की 87 ग्राम पंचायतों में कुल 1,25,367 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 64,058 पुरुष और 61,309 महिला मतदाता शामिल हैं। चुनाव को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का माहौल बना हुआ है और मतदाताओं में भारी भागीदारी की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रशासन के अनुसार विकास खंड नालागढ़ में सबसे अधिक 43,361 मतदाता वोट डालेंगे। वहीं कुनिहार में 25,909, सोलन ब्लॉक में 16,040, धर्मपुर में 14,359, पट्टा में 14,061 तथा कंडाघाट में 11,637 मतदाता मतदान करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए पूरे जिला में 549 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई गई हैं ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद वार्ड सदस्य, प्रधान और उपप्रधान पदों की मतगणना शुरू कर दी जाएगी तथा परिणाम भी 26 मई को ही घोषित किए जाएंगे।
प्रशासन ने सभी मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। पंचायत चुनावों को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और सभी की नजरें कल होने वाले मतदान पर टिकी हुई हैं।
.
