राजीव ख़ामोश , कुठाड़ : जिला सोलन के कसौली उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत चंडी में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय माँ चंडी मेले के पहले दिन स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन ने मेले में लगी दुकानों तथा चंडी बाजार की विभिन्न दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए।
खंड चिकित्सा अधिकारी चंडी के नेतृत्व में आयोजित निरीक्षण अभियान के दौरान दुकानदारों को निर्देश दिए गए कि वे ग्राहकों को केवल अच्छी गुणवत्ता वाली वस्तुएं उपलब्ध कराएं। साथ ही खाने-पीने की सामग्री को ढककर रखने पर विशेष जोर दिया गया ताकि खाद्य पदार्थ दूषित न हों और लोगों के स्वास्थ्य पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
निरीक्षण टीम ने दुकानदारों को पॉलीथीन के लिफाफों का उपयोग न करने की सलाह देते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने मेले के दौरान साफ-सफाई बनाए रखने और आसपास गंदगी न फैलने देने के लिए प्रत्येक दुकान पर डस्टबीन रखने की भी सलाह दी।
इसके अतिरिक्त टीम ने लोगों को गुटखा, तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने के लिए जागरूक किया। अधिकारियों ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए जन-जागरूकता बेहद आवश्यक है और ऐसे आयोजनों के माध्यम से लोगों तक सकारात्मक संदेश पहुंचाया जा सकता है।
निरीक्षण के दौरान मेला कमेटी के सदस्य भी उपस्थित रहे और उन्होंने प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन का आश्वासन दिया। प्रशासन ने उम्मीद जताई कि सभी दुकानदार स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल मेले के आयोजन में अपना सहयोग देंगे।


