सोलन के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले माँ शूलिनी मेले का आयोजन इस वर्ष 26, 27 और 28 जून 2026 को परंपरागत श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया जाएगा। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने शूलिनी मेला समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मेले की तैयारियों की समीक्षा की।

डॉ. शांडिल ने संबंधित विभागों को पूजा स्थल, शोभायात्रा मार्ग, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने शूलिनी माता मंदिर से शोभायात्रा आरंभ स्थल तक मार्ग की मरम्मत और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

उन्होंने अधिकारियों को विभिन्न स्थानों पर लगने वाले भंडारों की समय सारणी निर्धारित करने तथा स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए। मेले के दौरान शहर में साफ-सफाई, जल आपूर्ति और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

हिमाचली लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेशभर के सांस्कृतिक दलों को आमंत्रित किया जाएगा। इसके अलावा स्थानीय कलाकारों को भी मंच प्रदान किया जाएगा।

हर वर्ष की तरह इस बार भी मेले में क्राफ्ट मेला, प्रदर्शनी, कुश्ती, ठोडो, रस्साकशी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, लॉन टेनिस, कबड्डी, शतरंज, टेबल टेनिस और जूडो जैसी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। साथ ही नारा लेखन प्रतियोगिता, बेबी शो, फ्लावर शो और पैट शो भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नि:शुल्क बस सेवा संचालित की जाएगी। पुलिस विभाग को कानून व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के लिए आवश्यक इंतजाम करने तथा राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) की सेवाएं लेने के निर्देश भी दिए गए हैं।

बैठक में उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और मेला समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!